लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आज दावा किया है कि, केंद्र की मोदी सरकार उन पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी की योजना बना रही है। कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि, ईडी के अंदरूनी लोगों ने उन्हें योजनाबद्ध छापेमारी के बारे में जानकारी दी है। इसके साथ ही कांग्रेस सांसद ने कहा कि, मैं इसका सामना करने के लिए तैयार हूं।
डरी हुई है मोदी सरकार
वहीं अब उद्धव गुट वाली शिवसेना (UBT) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है। प्रियंका चतुर्वेदी ( शिवसेना UBT) ने केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि, जब सरकार डरती है तो वह ईडी और सीबीआई को आगे कर देती है।
एजेंसियों ने सरकार के सामने घुटने टेक दिए हैं
प्रियंका चतुर्वेदी ने अपने बयान में आगे कहा कि, हम लोग लंबे समय से ये उजागर कर रहे हैं कि, कैसे मोदी सरकार ED, CBI और IT के जरिए अपना एजेंडा कैसे चलाती है। ऐसे ही केंद्र की मोदी सरकार ने TMC नेता महुआ मोइत्रा, शिवसेना नेता संजय राउत, आम आदमी पार्टी नेता संजय सिंह और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के साथ किया। चतुर्वेदी ने आगे कहा कि, ये चुनिंदा कार्रवाइयां दिखाती हैं कि, कैसे इन एजेंसियों ने सरकार के सामने घुटने टेक दिए हैं।
ईडी का बाहें फैलाकर मैं इंतजार कर रहा हूं
आपको बता दें कि, केंद्रीय बजट चर्चा के दौरान संसद में 'चक्रव्यूह भाषण' के बाद कांग्रेस पार्टी के सांसद राहुल गांधी ने ये दावा किया। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इस दावे के साथ पीएम मोदी और अमित शाह पर कटाक्ष करते हुए कहा कि, "जाहिर है, 2 इन 1 को मेरा चक्रव्यूह भाषण पसंद नहीं आया। राहुल ने कहा कि, ईडी का बाहें फैलाकर मैं इंतजार कर रहा हूं, आइए चाय और बिस्किट मेरी तरफ से।