मध्यप्रदेश लेकर उत्तरप्रदेश, झारखंड, बिहार, हिमाचल और उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। यूपी में गंगा, यमुना, घाघरा और सरयू खतरे के निशान से ऊपर है। हरिद्वार में गंगा खतरे के निशान से 85 सेमी नीचे बह रही है।
वहीं, उत्तराखंड में भूस्खलन से चारधाम यात्रा के मार्ग प्रभावित हो गए हैं। शनिवार को यमुनोत्री राजमार्ग 12 घंटे बंद रहा है। बदरीनाथ राजमार्घ और गंगोत्री राजमार्ग बाधित होने लोगों को कई घंटे तक इंतजार करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन उत्तराखंड में वर्षा की संभावना नहीं है, लेकिन 17 सितंबर से फिर से बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
मध्यप्रदेश
पिछले 3 से 4 दिनों तक जिस मानसून सिस्टम ने एमपी में बारिश कराई। अब उससे भी स्ट्रॉन्ग मानसून सिस्टम आने वाला है। पिछले सिस्टम के कारण ग्वालियर-चंबल समेत 15 से अधिक जिलों में बाढ़ आ गई। 30 से अधिक बांधों के गेट तक खोलने पड़े। मौसम वैज्ञानिकों ने पूरे राज्य में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज (रविवार) तेज बरसात के आसार है। यह वर्षा दो या तीन दिन तक जारी रहने की संभावना है। 16 सितंबर को अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट और मैहर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
17 सितंबर को सिंगरौली, सीधी, रीवा, सतना, मऊगंज, डिंडोरी, जबलपुर, नरसिंहपुर, पन्ना, दमोह, सागर और छतरपुर के लिए ऑरेंज अलर्ट जबकि भोपाल और नर्मदापुरम संभाग के जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया।
उत्तरप्रदेश
यूपी में गंगा, यमुना, राप्ती, घाघरा और सरयू नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। कानपुर देहात और फतेहपुर में यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर है। बदायूं में गंगा नदी खतरे के निशान पर बह रही है। मुरादाबाद में लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर कोसी का पानी जमा हो गया है। अयोध्या में सरयू खतरे के निशान को पार कर गई है। मुरादाबाद में भारी बारिश के कारण गन्ना और धान की फसल को नुकसान हुआ है।
हिमाचल प्रदेश
हिमाचल प्रदेश में शिंकुला, बारालाचा, रोहतांग और कुंजुम में शनिवार को हिमपात हुआ और अन्य शहरों में शुक्रवार देर रात से बारिश हो रही है। बरसात के कारण 41 सड़क मार्ग बंद कर दिए गए हैं। आईएमडी ने आज (रविवार) कुछ स्थानों पर बारिश का अलर्ट जारी किया है।
झारखंड
शनिवार को झारखंड के कई हिस्सों में मध्यम से लेकर तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला, देवघर, दुमरा, गोड्डा, गिरीडीह, धनबाद, पाकुड़, जामताड़ा और साहिबगंज में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, रांची, रामगढ़, हजारीबांग, गुमला, बोकारो और खूंटी के लिए येलो अलर्ट जारी किया।
Comments (0)