नई दिल्ली. भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण यानी FSSAI त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले ही एक्शन मोड में आ गया है। जहां भ्रामक जानकारी देने के लिए कुछ बड़ी कंपनियों को FSSAI की तरफ से नोटिस जारी किया गया है। इस कार्रवाई की जद में ऑनलाइन विक्रेता निर्माता और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म आए हैं जिसमें अमेजन फ्लिपकार्ट डॉक्टर रेड्डी नेसले हेल्थ साइंस और तिरुपति वेलनेस जैसी बड़ी कंपनियां शामिल हैं। FSSAI का आरोप है कि ये कंपनियां उपभोक्ताओं को गुमराह कर रही हैं और निर्धारित फूड सेफ्टी मानकों को ताक पर रख रही हैं जिसके मामले में यह कार्रवाई हुई है। त्योहारों से पहले उपभोक्ताओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है।
नोटिस क्यों भेजा गया
दरअसल FSSAI की तरफ से इन कंपनियों को भेजे गए नोटिस की वजह हेल्थ सप्लीमेंट्स और फूड प्रोडक्ट्स की मार्केटिंग के लिए किए जा रहे गलत दावों को लेकर हैं। FSSAI की सेंट्रल लाइसेंसिंग अथॉरिटी की जानकारी के मुताबिक ये कंपनियां अपने उत्पादों को हाई प्रोटीन नो शुगर या हेल्दी बताकर बेच रही थीं लेकिन जांच में यह दावे पूरी तरह से खरे नहीं उतर पाए हैं जिसके बाद FSSAI की तरफ से नोटिस भेजा गया। जिसमें खास तौर पर डॉ. रेड्डीज और नेस्ले जैसी कंपनियों के कुछ सप्लीमेंट्स में प्रोटीन दावों और विज्ञापनों में नियमों की गंभीर अनदेखी पाई गई।
रीसेलर का लाइसेंस सस्पेंड
इसके अलावा श्रेयश रिटेल प्राइवेट लिमिटेड नामक एक बड़ी रीसेलर यूनिट द्वारा भी इन नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था जिसके चलते FSSAI ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसका फूड लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर बिकने वाले उत्पादों में भी मानकों का उल्लंघन पाया गया। नियामक ने स्पष्ट किया है कि किसी भी पैकेट पर चमकीले हेल्थ क्लेम्स पर आंख बंद करके भरोसा नहीं किया जा सकता। उपभोक्ताओं को सही जानकारी मिलनी चाहिए।
जुर्माने और कानूनी कार्रवाई की तैयारी
त्योहारों का सीजन शुरू होने से पहले ही FSSAI पूरी तरह एक्टिव है। इस बार जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। नोटिस जारी करने के साथ ही नियामक ने इन सभी कंपनियों से तय समय सीमा के भीतर जवाब मांगा है। अगर जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो इस बार भारी वित्तीय जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। FSSAI का कहना है कि भ्रामक दावों से उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और विश्वास दोनों को नुकसान पहुंचता है।
उपभोक्ताओं के लिए सतर्कता
FSSAI ने उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि वे लेबल पर लिखे दावों को ध्यान से जांचें और प्रमाणित उत्पादों को ही प्राथमिकता दें। त्योहारी सीजन में सप्लीमेंट्स की मांग बढ़ जाती है ऐसे में मानकों का पालन और भी जरूरी हो जाता है। नियामक की इस कार्रवाई से बाजार में पारदर्शिता बढ़ने की उम्मीद है। कंपनियों को जवाब देने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी। खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए FSSAI की सक्रियता जारी रहेगी।