गाजियाबाद: गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र में 4 वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म और हत्या के सनसनीखेज मामले में फरार चल रहे 55 वर्षीय आरोपी को पुलिस ने देर रात मुठभेड़ में मार गिराया। इस घटना ने पूरे इलाके में आक्रोश और शोक का माहौल बना दिया था।
50 हजार का इनामी था आरोपी
पुलिस के मुताबिक आरोपी जीशान पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। वह लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।
गिरफ्तारी से बचने के लिए चलाई गोली
रविवार देर रात मिली खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने लोनी के बंथला नहर के पास घेराबंदी की। जैसे ही संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया, वह भागने लगा और खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।
जवाबी कार्रवाई में हुआ ढेर
आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
टॉफी का लालच देकर ले गया था बच्ची को
जांच में सामने आया कि 11 अप्रैल को आरोपी ने अपनी ही 4 वर्षीय भांजी को टॉफी दिलाने के बहाने घर से बाहर बुलाया। इसके बाद वह उसे अपने कमरे में ले गया, जहां उसके साथ दरिंदगी की और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
शव को ठिकाने लगाकर हुआ फरार
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने बच्ची के शव को कंधे पर उठाया और शालीमार गार्डन इलाके की एक सड़क पर खड़ी कार के नीचे फेंक दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया था।
CCTV से मिला सुराग, फिर हुई घेराबंदी
पुलिस को दो दिन पहले दिल्ली रेलवे स्टेशन के CCTV फुटेज में आरोपी की झलक मिली थी, जिससे उसके भागने की कोशिश का पता चला। बाद में सूचना मिली कि वह लोनी इलाके में आने वाला है, जिसके बाद पुलिस ने जाल बिछाया।
ACP ने दी जानकारी, जांच जारी
शालीमार गार्डन के सहायक पुलिस आयुक्त अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मारा गया है। उसके पास से हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।