सोने और चांदी के दामों में एक बार फिर गिरावट दर्ज की गई है। 1 और 2 फरवरी को आई तेज गिरावट के बाद 5 फरवरी को भी बाजार में नरमी देखने को मिली। विशेषज्ञ इसे कीमती धातुओं के रिकवरी फेज का हिस्सा बता रहे हैं, जहां कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी है। MCX पर आज 24 कैरेट सोना 2777 रुपये टूटकर खुला, जिसके बाद इसका भाव 1,50,268 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।
चांदी की कीमतों में भारी गिरावट
वहीं चांदी की कीमतों में भी भारी गिरावट देखने को मिली। चांदी 16,131 रुपये सस्ती होकर सुबह 9:06 बजे 2,52,719 रुपये प्रति किलो के स्तर पर कारोबार करती नजर आई। विशेषज्ञों के अनुसार, 3 और 4 फरवरी की तेजी के बाद आज मुनाफावसूली का दबाव देखने को मिल रहा है। रिकॉर्ड स्तरों के बाद निवेशक लाभ बुक कर रहे हैं, जिससे कीमतों में गिरावट आई है।
इसके अलावा डॉलर इंडेक्स में स्थिरता भी सोने-चांदी पर दबाव बना रही है। डॉलर में कमजोरी न आने से सोने को ऊपरी स्तर पर सपोर्ट नहीं मिल पा रहा है। बाजार विश्लेषकों का कहना है कि MCX पर गोल्ड के फरवरी कॉन्ट्रैक्ट्स आज एक्सपायर हो रहे हैं और ट्रेडर्स अप्रैल कॉन्ट्रैक्ट्स में शिफ्ट कर रहे हैं। इस रोलओवर प्रक्रिया के दौरान कीमतों में हल्का उतार-चढ़ाव और गिरावट सामान्य मानी जाती है।
Comments (0)