77वें गणतंत्र दिवस पर नई दिल्ली के कर्तव्य पथ में आयोजित राष्ट्रीय परेड में गुजरात की झांकी ने लगातार चौथी बार ‘पॉपुलर चॉइस’ श्रेणी में प्रथम स्थान हासिल कर नया इतिहास रचा। इस उपलब्धि के लिए शुक्रवार को गुजरात को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। नई दिल्ली के राष्ट्रीय रंगशाला शिविर में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने गुजरात की झांकी को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र सौंपा। राज्य सरकार की ओर से यह सम्मान डॉ. विक्रांत पांडे और किशोर बचाणी ने स्वीकार किया।
मुख्यमंत्री कार्यालय की प्रतिक्रिया
गुजरात के मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस उपलब्धि पर एक्स पर पोस्ट कर खुशी व्यक्त की और बताया कि रक्षा राज्य मंत्री की उपस्थिति में सूचना विभाग को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया गया।
सांस्कृतिक नृत्य में भी मिला सम्मान
झांकी निर्माण के दौरान राष्ट्रीय रंगशाला में आयोजित सांस्कृतिक नृत्य प्रतियोगिता में गुजरात के कलाकारों के नृत्य को प्रोत्साहन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
झांकी का विषय और निर्माण टीम
इस वर्ष गुजरात की झांकी का विषय था “स्वतंत्रता का मंत्र: वंदे मातरम्”, जिसका निर्माण सूचना आयुक्त कार्यालय, गुजरात ने किया। झांकी का समग्र कार्य सूचना आयुक्त किशोर बचाणी के मार्गदर्शन और अपर सूचना निदेशक अरविंद पटेल के निर्देशन में पूरा हुआ।
Comments (0)