गुजरात में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज की है। राज्य के 15 नगर निगम, 84 नगरपालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों के लिए मतगणना सुबह 8 बजे से जारी है। कुल 9992 सीटों में से भाजपा अब तक 6161 सीटों पर जीत हासिल कर चुकी है।
सभी 15 नगर निगमों में BJP का कब्जा
कांग्रेस को 1315 सीटें मिली हैं, जबकि अन्य दलों के खाते में 592 सीटें गई हैं। वहीं आम आदमी पार्टी ने 380 सीटों पर जीत का दावा किया है। भाजपा का स्ट्राइक रेट करीब 76% रहा है, जो उसकी मजबूत पकड़ को दर्शाता है।
असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM को 3 सीटों पर सफलता मिली है। वहीं रवींद्र जडेजा की बहन नयनाबा जडेजा राजकोट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव हार गईं।
4 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने किया मतदान
इन चुनावों के लिए 26 अप्रैल को मतदान हुआ था, जिसमें 4 करोड़ 18 लाख से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। 15 नगर निगमों में 55.1% मतदान दर्ज किया गया। नगरपालिकाओं में 65.53%, जिला पंचायतों में 66.64% और तालुका पंचायतों में 67.26% मतदान हुआ था।
चुनाव परिणामों के बीच अहमदाबाद में पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की खबर भी सामने आई है, जिससे माहौल कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गया।