प्रसिद्ध गायक अदनान सामी खान और उनकी टीम पर ग्वालियर में धोखाधड़ी का आरोप लगा है। आरोप है कि उन्होंने 17.62 लाख रुपये लेकर भी शो रद कर दिया। शिकायतकर्ता एक इवेंट कंपनी की डायरेक्टर लावण्या सक्सेना ने ग्वालियर के सत्र न्यायालय में प्रार्थनापत्र देकर एफआइआर की मांग की है। शिकायतकर्ता लावण्या के अनुसार, साल 2022 में ग्वालियर में 'मदहोश' नाम से म्यूजिक शो कराने के लिए अदनान सामी और उनकी टीम से बात हुई। ग्वालियर की एडिशनल डिस्ट्रिक्ट जज (ADJ) कोर्ट ने बॉलीवुड सिंगर अदनान सामी को नोटिस भेजा है। कोर्ट ने उनसे 20 मई 2026 तक लिखित जवाब मांगा है।
ये है पूरा मामला
नवंबर 2022 में अदनान सामी का ग्वालियर में एक लाइव शो होना था। आयोजक लावन्या सक्सेना ने दावा किया कि अदनान ने 33 लाख रुपए के शो के लिए एडवांस में 17.62 लाख रुपए लिए, लेकिन शो नहीं किया। जब उन्होंने एडवांस की रकम वापस मांगी, तो उन्हें नहीं मिली। पुलिस ने शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं की, जिसके बाद मामला कोर्ट में गया।
अदनान ने लगाए आरोपों का खंडन किया
अदनान सामी ने कोर्ट को बताया कि शो न होने की जिम्मेदारी आयोजकों की थी। उन्होंने कहा कि आयोजक लगातार शो की तारीख बदल रहे थे और आयोजन के लिए जरूरी तैयारियाँ पूरी नहीं थीं। शो की शुरुआती डेट 27 सितंबर 2022 तय की गई थी। शुरू में उनकी फीस 40 लाख थी, जिसे बाद में 33 लाख पर फाइनल किया गया।
एग्रीमेंट और आयोजकों की जिम्मेदारी
अदनान और आयोजकों के बीच एक एग्रीमेंट था, जिसमें सभी पेमेंट और लॉजिस्टिक जिम्मेदारियां तय थीं। अदनान की टीम ने आयोजकों से प्लेन टिकट, होटल बुकिंग, स्टेज और वेन्यू लेआउट, लोकल ट्रांसपोर्ट और एयरपोर्ट वीआईपी सर्विस की जानकारी मांगी, लेकिन आयोजक इसे समय पर नहीं दे पाए।
शो कैंसिल होने का कारण
अदनान ने कहा कि 12 नवंबर 2022 को, शो से एक दिन पहले आयोजकों ने बताया कि इवेंट कैंसिल कर दिया गया क्योंकि चीफ गेस्ट का कोविड पॉजिटिव आ गया। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोजक उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा रहे थे। एडवांस रकम एग्रीमेंट के अनुसार नॉन-रिफंडेबल थी।