नई दिल्ली: बंगाल की खाड़ी में बने मौसम सिस्टम के प्रभाव से देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज हो गया है। बुधवार को करीब 20 राज्यों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, राजस्थान समेत 15 राज्यों में अगले चार दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
भारी बारिश का असर उत्तरप्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, मध्यप्रदेश और हिमाचल प्रदेश में साफ दिखाई दे रहा है। कहीं घाट डूब गए हैं तो कहीं सड़कें जलमग्न हो गई हैं। उत्तराखंड में लैंडस्लाइड के कारण सड़कें बंद हैं, जबकि हिमाचल प्रदेश में बारिश के चलते 200 से ज्यादा सड़कें प्रभावित हुई हैं।
काशी में घाटों तक पहुंचा पानी, हरिश्चंद्र घाट जलमग्न
उत्तरप्रदेश के वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से घाटों की सीढ़ियों तक पानी पहुंच गया है। हरिश्चंद्र घाट का शवदाह स्थल भी पानी में डूब गया है।
उन्नाव में सड़कों पर चली नाव
बारिश और जलभराव के कारण उत्तरप्रदेश के कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। उन्नाव में सड़क पर पानी भरने के बाद नाव चलाने की नौबत आ गई।पूर्वांचल के कई जिलों में लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
राजस्थान में तेज बारिश, जयपुर में बस पलटी
राजस्थान के पांच से ज्यादा जिलों में बुधवार को तेज बारिश हुई। राजधानी जयपुर में चार घंटे से अधिक समय तक बारिश होने से कई इलाकों में पानी भर गया।पानी से भरे गड्ढे के कारण एक बस पलट गई। बारिश के साथ कई जगह पेड़ गिरने से शहर के ज्यादातर हिस्सों में ट्रैफिक प्रभावित हुआ और लोगों को जाम का सामना करना पड़ा।
देहरादून-मसूरी मार्ग पर लैंडस्लाइड, 10 किमी लंबा जाम
उत्तराखंड में भी बारिश के कारण मुश्किलें बढ़ गई हैं। देहरादून-मसूरी मार्ग पर लैंडस्लाइड के बाद पहाड़ से मलबा सड़क पर आ गया।सड़क पर मलबा आने के कारण दोनों तरफ करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। राज्य के नौ जिलों में 67 सड़कें बंद होने की जानकारी सामने आई है।
MP में चार दिन से लगातार बारिश
मध्य प्रदेश के कई जिलों में पिछले चार दिनों से तेज बारिश का दौर जारी है। लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ रहा है और कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन रही है।मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में अगले चार दिनों तक भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
हिमाचल में 204 सड़कें बंद
हिमाचल प्रदेश में भी बारिश ने जनजीवन प्रभावित किया है। लगातार बारिश के कारण राज्य में 204 सड़कें बंद होने की जानकारी सामने आई है।कई पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
15 राज्यों में अगले चार दिन भारी बारिश का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के प्रभाव से मौसम में बदलाव आया है। इसके चलते अगले चार दिनों के दौरान मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत 15 राज्यों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है।लगातार बारिश के चलते पहाड़ी राज्यों में लैंडस्लाइड और मैदानी इलाकों में जलभराव का खतरा बना हुआ है।