हैदराबाद से हुबली जा रही Fly91 की फ्लाइट (IC3401) को खराब मौसम के चलते बड़ा झटका लगा। विमान करीब 3 घंटे तक हवा में चक्कर लगाता रहा, जिससे यात्रियों में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बाद में इसे बेंगलुरु डायवर्ट करना पड़ा, जहां सभी 22 यात्री सुरक्षित उतारे गए।
खराब मौसम बना वजह, लैंडिंग नहीं हो सकी
फ्लाइट रविवार दोपहर करीब 3 बजे हैदराबाद से रवाना हुई थी और इसे शाम 4:30 बजे हुबली पहुंचना था। लेकिन खराब मौसम के कारण विमान लैंड नहीं कर सका और करीब एक घंटे तक आसमान में चक्कर लगाता रहा।
यात्रियों में दहशत, वीडियो वायरल
Fly91 की फ्लाइट के अंदर का माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में यात्री रोते, चिल्लाते और प्रार्थना करते नजर आए।
कई यात्रियों ने डर के कारण पायलट से बेंगलुरु या किसी सुरक्षित जगह लैंड कराने की गुहार लगाई।
बेंगलुरु में सुरक्षित लैंडिंग, बाद में हुबली रवाना
काफी देर तक हवा में रहने के बाद विमान को बेंगलुरु डायवर्ट किया गया, जहां शाम करीब 6:30 बजे सुरक्षित लैंडिंग हुई। बाद में मौसम सामान्य होने पर रात 11 बजे फ्लाइट को हुबली के लिए दोबारा रवाना किया गया।
एयरलाइन का बयान—कोई तकनीकी खराबी नहीं
एयरलाइन ने साफ किया कि फ्लाइट में कोई तकनीकी दिक्कत नहीं थी। यह पूरा घटनाक्रम केवल खराब मौसम की वजह से हुआ और सभी प्रक्रियाएं सुरक्षा नियमों के तहत अपनाई गईं।
अन्य फ्लाइट भी हुई प्रभावित
इसी खराब मौसम के चलते मुंबई से कोल्हापुर जा रही एक अन्य फ्लाइट को भी गोवा डायवर्ट करना पड़ा, जिससे एयर ट्रैफिक पर असर देखने को मिला।