एक बार फिर भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान खड़गपुर (IIT Kharagpur) में छात्र की रहस्यमय मौत का मामला सामने आया है। संस्थान के हॉस्टल हॉल के एक कमरे से छात्र का शव बरामद किया गया, जिससे पूरे परिसर में सनसनी फैल गई। मृत छात्र की पहचान सोहम हलदार के रूप में हुई है।
उत्तर 24 परगना के बारासात का निवासी था छात्र
जानकारी के अनुसार, सोहम हलदार का घर उत्तर 24 परगना जिले के बारासात में है। छात्र की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। संस्थान के अन्य छात्र भी इस घटना से स्तब्ध हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मौत किन परिस्थितियों में हुई। मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।
लगातार हो रही मौतों से बढ़ी चिंता
गौरतलब है कि पिछले 16 महीनों में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान खड़गपुर में 9 छात्रों की मौत हो चुकी है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने छात्रों और अभिभावकों के बीच चिंता और बढ़ा दी है।
सुप्रीम कोर्ट ने भी जताई थी चिंता
छात्रों की लगातार हो रही मौतों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने भी गंभीर चिंता व्यक्त की थी। अदालत ने संस्थान में छात्रों की मानसिक स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर सवाल उठाए थे।