कोलकाता: पश्चिम मिदनापुर जिले के खड़गपुर स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान खड़गपुर परिसर में एक और छात्र की संदिग्ध आत्महत्या का मामला सामने आया है। शनिवार सुबह 21 वर्षीय छात्र जयबीर सिंह डोडिया ने कथित तौर पर कैंपस की एक इमारत से कूदकर अपनी जान दे दी।
आठवीं मंजिल से लगाई छलांग
पुलिस के अनुसार, छात्र ने अटल बिहारी वाजपेयी हॉल की आठवीं मंजिल से छलांग लगाई। घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य छात्रों ने उसे जमीन पर गिरा हुआ देखा, जिसके बाद तुरंत सुरक्षा कर्मियों और छात्रों की मदद से उसे अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में मृत घोषित
गंभीर हालत में छात्र को बीसी रॉय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही हिजली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
अहमदाबाद का रहने वाला था छात्र
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मृतक छात्र गुजरात के अहमदाबाद के घुमा इलाके का निवासी था। वह मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग का तीसरे वर्ष का छात्र था और IIT खड़गपुर कैंपस के नेहरू हॉल में रहता था।
परिवार को दी गई सूचना
घटना की जानकारी IIT खड़गपुर प्रशासन द्वारा छात्र के परिवार को दे दी गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।