भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से प्रतीक्षित ट्रेड डील का ऐलान सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कर दिया। ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका ने भारत पर रेसिप्रोकल टैरिफ (जैसे को तैसा) को 25% से घटाकर 18% कर दिया है।भारत पर कुल टैरिफ पहले 50% था। ट्रम्प ने अगस्त में रूस से तेल की खरीद को लेकर 25% पेनल्टी लागू की थी। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने बताया कि अब भारत पर केवल 18% टैरिफ लगेगा और रूस से तेल खरीदने पर लगाया गया 25% टैरिफ हटा दिया जाएगा।
अमेरिका ने भारत पर टैरिफ 50% से घटाकर 18% किया
ट्रम्प ने सोमवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की। इसके बाद रात लगभग 10:30 बजे ट्रम्प ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर इस ट्रेड डील की घोषणा की। ट्रम्प ने बताया कि मोदी ने रूस से तेल खरीद बंद करने और अमेरिका से ज्यादा तेल खरीदने के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है।
ट्रम्प बोले- भारत रूस से तेल नहीं खरीदेगा
ट्रम्प ने कहा कि जरूरत पड़ने पर भारत वेनेजुएला से भी तेल ले सकता है। भारत ‘बाय अमेरिकन’ नीति के तहत अमेरिका से 46 लाख करोड़ रुपये (500 अरब डॉलर) से अधिक का सामान खरीदेगा। इस घोषणा के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने X पर लिखा- भारत के 1.4 अरब लोगों की ओर से राष्ट्रपति ट्रम्प का धन्यवाद।
Comments (0)