देशभर में भीषण गर्मी का असर जारी है। कई शहर हीटवेव की चपेट में हैं और तापमान 40 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। इस बीच राजस्थान के धौलपुर रेलवे स्टेशन पर गर्मी के कारण ट्रेन के ब्रेक में आग लगने की घटना सामने आई है।
धौलपुर में ट्रेन के ब्रेक में आग
धौलपुर रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन के जनरल कोच के नीचे आग लग गई। रेलवे सूत्रों के अनुसार भीषण गर्मी के कारण ब्रेक पैडल वाले हिस्से में आग भड़क उठी। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
देश में भीषण गर्मी, कई शहर 45°C पार
बांदा मंगलवार को देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 45.6°C दर्ज किया गया। इसके अलावा झारसुगुड़ा में 45.3°C और महाराष्ट्र के अकोला, वर्धा और अमरावती में भी तापमान 45°C से ऊपर रहा।
लू से बचाव के लिए इंतजाम
भीषण गर्मी से राहत देने के लिए प्रयागराज में जगह-जगह वाटर एटीएम लगाए गए हैं। वहीं ओडिशा में लू सेंटर बनाए जा रहे हैं, जहां यात्रियों को ठंडा पानी और ग्लूकोज उपलब्ध कराया जाएगा।
17 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार आज 17 राज्यों में आंधी और बारिश की संभावना है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, राजस्थान, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
30 अप्रैल और 1 मई का मौसम पूर्वानुमान
30 अप्रैल को मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और दिल्ली में आंधी-बिजली की संभावना है। बिहार, राजस्थान, यूपी और तेलंगाना में 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। तो वहीं 1 मई को बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में आंधी-बिजली के आसार है। दक्षिण भारत के कई राज्यों में गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा
कई शहरों में बदला मौसम
दिल्ली-एनसीआर, जयपुर और फरीदाबाद में हल्की बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं नोएडा, मथुरा और पटना समेत कई शहरों में भी आंधी और बारिश देखने को मिली।