भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को पदभार संभालने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। केंद्रीय मंत्री नड्डा ने इसे भाजपा के इतिहास में एक ऐतिहासिक अवसर करार दिया।
मैं नवीन को शुभकामनाएं देता हूं - जेपी नड्डा
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने अपने संबोधन में कहा यह आज बहुत ही ऐतिहासिक अवसर है जब भाजपा जैसी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में हमारे नौजवान, ऊर्जावान और प्रतिभावान नेता नितिन नवीन आज यह पदभार संभाल रहे हैं। मैं अपनी ओर से और करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं।
नवीन ने भाजपा के लिए नए आयाम स्थापित किए हैं
बीजेपी नेता नड्डा ने आगे कहा कि नितिन नवीन ने भाजपा के लिए नए आयाम स्थापित किए हैं और अब वे पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे। उन्होंने नवीन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, ऐसे महान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में यह जिम्मेदारी लेना निश्चित ही गर्व की बात है। आपको बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं।
यह बदलाव पार्टी में नई ऊर्जा प्रदान करेगी
इस मौके पर राजनीतिक विश्लेषक और कार्यकर्ताओं ने भी नितिन नवीन के युवा नेतृत्व, ऊर्जा और पार्टी के भविष्य के लिए उनकी दृष्टि को महत्वपूर्ण बताया। विश्लेषकों के अनुसार, यह बदलाव भाजपा में युवा नेताओं को अवसर देने और पार्टी में नई ऊर्जा लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
नवीन को वरिष्ठ नेताओं का मिला समर्थन
नितिन नवीन की नियुक्ति को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह और अन्य वरिष्ठ नेताओं का समर्थन प्राप्त है। इसके साथ ही पार्टी में संगठनात्मक मजबूती और नई रणनीतियों को लागू करने की उम्मीद बढ़ गई है। भाजपा कार्यकर्ताओं और राजनीतिक हलकों में यह बदलाव युवा नेतृत्व की नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
Comments (0)