छतरपुर-पन्ना में केन-बेतवा लिंक परियोजना के विरोध में 12 दिनों से जारी ‘चिता आंदोलन’ प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। मुआवजा और पुनर्वास की मांग को लेकर डटे आदिवासी और किसानों ने फिलहाल 10 दिनों के लिए आंदोलन स्थगित कर दिया है।
प्रशासन के आश्वासन पर खत्म हुआ आंदोलन
जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ हुई अहम बैठक में प्रभावित ग्रामीणों की मांगों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि एसडीएम स्तर के अधिकारी गांव-गांव जाकर सर्वे करेंगे और मुआवजा व पुनर्वास से जुड़ी विसंगतियों को दूर करेंगे। इसी आश्वासन के बाद आंदोलनकारियों ने धरना समाप्त करने का निर्णय लिया।
10 दिन बाद फिर हो सकता है महा आंदोलन
आंदोलन के प्रणेता अमित भटनागर ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन स्थायी रूप से समाप्त नहीं हुआ है। यदि 10 दिनों के भीतर मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो क्षेत्र में फिर से बड़ा ‘महा आंदोलन’ शुरू किया जाएगा। फिलहाल, प्रशासन के 7 दिवसीय सर्वे के भरोसे आंदोलन को स्थगित किया गया है।