केरलम के त्रिशूर जिले में मंगलवार दोपहर 3:30 बजे एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हुआ। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, घटनास्थल से अब तक 10 शव बरामद किए गए हैं, जबकि 3 लोगों के शरीर के अंग मिले हैं। हादसे में 5 लोग गंभीर रूप से घायल हैं और 17 लोगों को हल्की चोटें आई हैं।
40 मजदूर काम कर रहे थे
जिस समय यह दुर्घटना हुई, उस वक्त शेड के अंदर लगभग 40 मजदूर मौजूद थे। फायर ब्रिगेड, पुलिस और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन बीच-बीच में हो रहे विस्फोटों के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी बाधा आई।
मृतकों के परिवार को 2-2 लाख का मुआवजा
पीएम मोदी ने हादसे में मरने वाले लोगों के लिए संवेदना जताई और मृतकों के परिवार को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार के मुआवजे का ऐलान किया है।
पीएम ने कहा- जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।