कोलकाता: पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले कोलकाता में सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व स्तर पर पहुंचा दिया गया है। शहर में 273 कंपनियों की केंद्रीय अर्धसैनिक बल की तैनाती की गई है। इसके तहत करीब 22 हजार जवान हर बूथ और सड़कों पर नजर रखेंगे, जबकि 10 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी भी सुरक्षा में तैनात रहेंगे।
ट्रबल मेकर्स पर सख्ती, कुख्यात अपराधी गिरफ्तार
चुनाव के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए पुलिस ने ट्रबल मेकर्स के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। लालबाजार की टीम ने मंगलवार को कुख्यात अपराधी मंडेला, बोल्टू समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इन पर हत्या की कोशिश, हथियारों से हमला, रंगदारी और अपहरण जैसे गंभीर आरोप हैं।
अवैध हथियार, बम और कैश की बड़ी बरामदगी
15 मार्च से अब तक पुलिस ने 24 हथियार, 67 गोलियां और 172 बम बरामद किए हैं। इसके साथ ही अवैध पैसे की आवाजाही पर कार्रवाई करते हुए 1.71 करोड़ रुपये और संयुक्त टीम ने 1.51 करोड़ रुपये के साथ 477.72 ग्राम सोना भी जब्त किया है।
1961 मतदान केंद्र, 5172 बूथ पर कड़ी निगरानी
चुनाव आयोग के मुताबिक, कोलकाता में 1961 मतदान केंद्र और 5172 बूथ बनाए गए हैं। सुरक्षा के लिए 351 सेक्टर मोबाइल, 229 क्विक रिस्पॉन्स टीम, 80 फ्लाइंग स्क्वाड और 80 स्ट्राइकिंग फोर्स तैनात की गई हैं।
इंस्पेक्टर से लेकर कांस्टेबल तक भारी फोर्स तैनात
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 172 इंस्पेक्टर, 1938 सब-इंस्पेक्टर और 7241 कांस्टेबल तैनात किए गए हैं। इनमें 2486 सशस्त्र कांस्टेबल भी शामिल हैं।
बूथ के अंदर नहीं रहेंगे हथियारबंद जवान
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मतदान केंद्र के अंदर सशस्त्र जवान तैनात नहीं रहेंगे। बूथ की सुरक्षा लाठीधारी पुलिसकर्मियों के जिम्मे होगी, जबकि बाहरी सुरक्षा अर्धसैनिक बल संभालेंगे।