कुमारगंज: पश्चिम बंगाल के कुमारगंज क्षेत्र से चुनावी हिंसा की बड़ी खबर सामने आई है। भाजपा प्रत्याशी शुभेंदु सरकार के साथ गांव के बीच कथित तौर पर मारपीट की गई, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। यह घटना गुरुवार दोपहर की बताई जा रही है।
बूथ के बाहर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला कुमारगंज विधानसभा के चालुन ग्राम पंचायत के 24 नंबर बनिहारी बूथ के पास हुआ। घटना के दौरान मौजूद लोगों की तस्वीरें सामने आने के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
प्रत्याशी ने लगाए गंभीर आरोप
भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु सरकार का कहना है कि बूथ के आसपास कुछ लोग मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे। जब वह मौके पर पहुंचे और इसका विरोध किया, तो उन्हें घेर लिया गया और कथित रूप से मारपीट कर वहां से भगा दिया गया।
पुलिस और आयोग तक पहुंचा मामला
घटना के बाद पुलिस ने चुनाव आयोग को रिपोर्ट भेजी है। वहीं, भाजपा प्रत्याशी ने भी इस मामले को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।