फगवाड़ा: पंजाब के फगवाड़ा स्थित Lovely Professional University में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। यह कार्रवाई अशोक कुमार मित्तल से जुड़े लवली ग्रुप के विभिन्न ठिकानों पर एक साथ की गई, जिनमें यूनिवर्सिटी कैंपस, आवासीय परिसर और अन्य व्यावसायिक इकाइयां शामिल हैं।
FEMA उल्लंघन के आरोपों की जांच
सूत्रों के अनुसार, यह छापेमारी विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के संभावित उल्लंघनों की जांच के तहत की जा रही है। जालंधर और चंडीगढ़ की टीमों ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। खास बात यह है कि इस कार्रवाई में स्थानीय पुलिस की मदद नहीं ली गई।
गुरुग्राम तक फैला जांच का दायरा
ED की कार्रवाई केवल पंजाब तक सीमित नहीं रही, बल्कि हरियाणा के गुरुग्राम स्थित कुछ शिक्षण संस्थानों और बिजनेस इकाइयों पर भी छापे मारे गए। इसके अलावा लवली ग्रुप से जुड़े अन्य प्रतिष्ठानों, जैसे ऑटोमोबाइल और मिठाई कारोबार से संबंधित स्थानों को भी खंगाला गया।
हाल ही में मिली थी बड़ी जिम्मेदारी
गौरतलब है कि अशोक कुमार मित्तल को हाल ही में आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा में डिप्टी लीडर की जिम्मेदारी सौंपी थी, जहां उन्होंने राघव चड्ढा की जगह ली थी। इस घटनाक्रम के कुछ ही दिनों बाद ED की यह कार्रवाई सामने आई है।
AAP ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
छापेमारी के बाद आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए इसे चुनावी रणनीति का हिस्सा बताया। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब चुनाव को देखते हुए यह कार्रवाई की जा रही है, लेकिन राज्य की जनता इसका जवाब देगी। वहीं भगवंत मान ने भी इस छापेमारी को राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया।
राजनीतिक हलचल तेज
इस कार्रवाई के बाद पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। एक तरफ जहां ED अपनी जांच में जुटी है, वहीं दूसरी ओर AAP और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज होता नजर आ रहा है।