महाराष्ट्र में ‘मिनी विधानसभा’ कहे जाने वाले नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले ‘महायुति गठबंधन’ ने दमदार प्रदर्शन किया है। राज्य के 29 में से अधिकांश नगर निगमों में गठबंधन को बढ़त मिली है। इस जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुशी जताई है।
धन्यवाद महाराष्ट्र
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “धन्यवाद महाराष्ट्र! राज्य की ऊर्जावान जनता ने एनडीए के जनहितकारी सुशासन के एजेंडे को अपना समर्थन दिया है।” उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनावों के नतीजे यह दर्शाते हैं कि महाराष्ट्र की जनता और एनडीए के बीच भरोसा और मजबूत हुआ है। विकास को लेकर हमारी सोच और कार्यशैली को जनता ने पसंद किया है। उन्होंने राज्य की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जनादेश प्रगति को गति देने और महाराष्ट्र की समृद्ध संस्कृति के सम्मान का प्रतीक है। पीएम मोदी ने एनडीए कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें उन सभी कार्यकर्ताओं पर गर्व है जिन्होंने पूरे राज्य में मेहनत कर जनता तक सरकार की उपलब्धियां और भविष्य की योजनाएं पहुंचाईं तथा विपक्ष के भ्रम को प्रभावी ढंग से उजागर किया।
जनकल्याणकारी योजनाओं पर जनता की मुहर
उधर, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने भी नगर निकाय चुनावों में ‘महायुति गठबंधन’ की बड़ी जीत पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह प्रचंड विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में डबल इंजन सरकार की विकासोन्मुख नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर जनता की मुहर है।
जनता का भरोसा एनडीए की विकास नीति पर कायम
जेपी नड्डा ने इस सफलता के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण, मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम सहित सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी और मतदाताओं का आभार जताया। इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी कहा था कि महाराष्ट्र नगर निगम चुनावों में भाजपा-शिवसेना गठबंधन की जीत यह साबित करती है कि देशभर की जनता का भरोसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए की विकास नीति पर कायम है।
Comments (0)