कोलकाता: बंगाल के '26 के महारण' के दूसरे चरण के मतदान से पहले राजधानी कोलकाता ममता बनर्जी के भगवा विरोधी सुरों से दहल उठी। सुलेखा मोड़ से शुरू होकर भवानीपुर तक चली साढे 16 किलोमीटर की इस पदयात्रा ने साफ कर दिया कि 'अग्निकन्या' के तेवर अब भी वही हैं। भारी जनसैलाब के बीच ममता बनर्जी ने सीधे तौर पर भाजपा को चुनौती देते हुए कहा, "बीजेपी के दिन अब खत्म हो चुके हैं।"
तेजस्वी यादव का मिला साथ
इस मेगा रैली में ममता बनर्जी का साथ देने बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव भी पहुंचे। विपक्षी एकजुटता का संदेश देते हुए दोनों नेताओं ने कोलकाता की सड़कों पर पैदल मार्च किया। ममता ने कहा कि बंगाल से भाजपा को साफ करने के बाद दिल्ली की बारी है।
'SIR' और चुनाव आयोग पर हमला
ममता बनर्जी ने अपने भाषण में मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जाने (SIR विवाद) को लेकर चुनाव आयोग और भाजपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, "यह हमारे आत्मसम्मान की लड़ाई है। जिनका नाम साजिश के तहत काटा गया है, वे ट्रिब्यूनल के दरवाजे पर हैं, लेकिन बाकी जनता को इस उत्पीड़न का जवाब ईवीएम के जरिए देना होगा।"
मतदाताओं को दी नसीहत
प्रचार खत्म होने से ठीक 15 मिनट पहले भवानीपुर पहुंची ममता ने समर्थकों से अपील की कि वे केवल वोट डालकर घर न लौटें। उन्होंने कहा, "सावधान रहें, वीवीपैट (VVPAT) चेक करें कि आपका वोट सही जगह पड़ा है या नहीं। बीजेपी की हर चाल को नाकाम करना होगा।"
यह पदयात्रा ढाकुरिया ब्रिज, गोलपार्क, गरियाहाट और बालीगंज फाड़ी होते हुए गुजरी, जहां सड़कों के दोनों ओर खड़े हजारों लोगों ने 'दीदी' का स्वागत किया।