मणिपुर के कांगपोकपी जिले में गुरुवार सुबह हिंसा की एक और गंभीर घटना सामने आई। इम्फाल-तामेंगलोंग (आईटी) रोड पर अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने कथित तौर पर एक वाहन को निशाना बनाकर घात लगाकर हमला किया। इस हमले में नागा समुदाय के कम से कम चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
सुबह करीब 8:30 बजे हुई वारदात
जानकारी के मुताबिक, हमला मकुई आशांग और थानम्बा नागा गांवों के बीच सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। अचानक हुई गोलीबारी के बाद इलाके में दहशत फैल गई। घटना के बाद सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र में तलाशी तथा सुरक्षा अभियान शुरू किया गया।
एक व्यक्ति के लापता होने की भी खबर
हमले के बाद एक अन्य व्यक्ति के लापता होने की सूचना भी सामने आई है। सुरक्षा एजेंसियां लापता व्यक्ति की तलाश में जुटी हैं। अधिकारियों की ओर से हमले के पीछे शामिल लोगों की पहचान और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
इलाके में बढ़ी सुरक्षा, जांच जारी
ताजा हमले के बाद कांगपोकपी और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब हाल के दिनों में इस क्षेत्र में हिंसा और तनाव की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। प्रशासन और सुरक्षा बलों की नजर अब हालात को नियंत्रित करने और हमलावरों तक पहुंचने पर है।