पूर्वोत्तर के तीन राज्य मणिपुर, मेघालय और त्रिपुरा अपना स्थापना दिवस मना रहे हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन राज्यों के लोगों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पीएम मोदी ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “त्रिपुरा की यात्रा परंपरा और आधुनिकता का अद्भुत मिश्रण है। राज्य ने विभिन्न क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति की है और इसके लोग भारत के विकास को गति दे रहे हैं। मैं कामना करता हूं कि आने वाले समय में त्रिपुरा में महत्वपूर्ण समृद्धि आए।”
मणिपुर के लिए संदेश
मणिपुर राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर पीएम मोदी ने लिखा, “मणिपुर के लोग भारत की प्रगति में योगदान दे रहे हैं। खेल, संस्कृति और प्रकृति के प्रति इस राज्य का जुनून प्रशंसनीय है। आने वाले समय में भी यह राज्य विकास के रास्ते पर लगातार आगे बढ़ता रहे।”
मेघालय के लोगों को बधाई
प्रधानमंत्री ने मेघालय के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “मेघालय के लोगों ने हमारे देश के विकास में मजबूत योगदान दिया है। राज्य की सांस्कृतिक जीवंतता और प्राकृतिक सुंदरता हर जगह तारीफ पाती है। भविष्य में मेघालय नई ऊंचाइयों को छूता रहे।”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संदेश
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी त्रिपुरा, मणिपुर और मेघालय के लोगों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने त्रिपुरा को विकास में अग्रणी बताते हुए कहा कि राज्य ने भारत के विकास में गौरवशाली योगदान दिया है। मणिपुर की जीवंत संस्कृति और प्रतिभा की तारीफ करते हुए उन्होंने कामना की कि यह राज्य नई ऊंचाइयों को छुए। मेघालय के लिए अमित शाह ने कहा कि यह राज्य समृद्ध जैव विविधता और सांस्कृतिक धरोहर का केंद्र है, जो भारत की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कामना की कि मेघालय प्रगति में नए मील के पत्थर हासिल करे।
Comments (0)