भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। वरिष्ठ नेता नितिन नबीन ने औपचारिक रूप से पार्टी की कमान संभाल ली है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई देते हुए भाजपा का नया अध्यक्ष बताया। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने पार्टी के लंबे संगठनात्मक संघर्ष और उसके विस्तार की यात्रा को याद किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने शून्य से शुरू होकर शिखर तक का सफर तय किया है।
पंचायत से लेकर संसद तक और अधिक मजबूत हुई
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा ने अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी के नेतृत्व में शून्य से शिखर तक का सफर तय किया है. इसके बाद वेंकैया नायडू और नितिन गडकरी के समय संगठन का व्यापक विस्तार हुआ. राजनाथ सिंह के नेतृत्व में पार्टी ने अपने दम पर केंद्र में सरकार बनाई, जबकि अमित शाह के नेतृत्व में भाजपा ने कई राज्यों में सरकारें बनाईं और दूसरी बार केंद्र की सत्ता में लौटी. जेपी नड्डा के कार्यकाल में पार्टी पंचायत से लेकर संसद तक और अधिक मजबूत हुई.
नितिन नबीन अब मेरे बॉस हैं: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने खुद को सबसे पहले भाजपा का एक साधारण कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि यही उनकी सबसे बड़ी पहचान और गर्व है। उन्होंने कहा, “नितिन नबीन अब सिर्फ मेरे अध्यक्ष नहीं हैं, बल्कि वे मेरे बॉस हैं। अब वही मेरे काम का आंकलन करेंगे। पीएम मोदी ने यह भी स्पष्ट किया कि नितिन नबीन की जिम्मेदारी केवल भाजपा तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि एनडीए के सभी सहयोगी दलों के साथ तालमेल बनाए रखना भी उनकी अहम भूमिका होगी।
विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करना
प्रधानमंत्री ने नितिन नबीन के व्यक्तित्व की सराहना करते हुए कहा कि जो भी उनके संपर्क में आया है, उसने उनकी सरलता, सहजता और व्यवहारिकता की प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि आने वाले 25 वर्ष भारत के लिए बेहद निर्णायक हैं, क्योंकि इसी अवधि में विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करना है और इसमें भाजपा की भूमिका ऐतिहासिक होगी।पीएम मोदी ने कहा, नितिन नबीन उस पीढ़ी से आते हैं, जिन्होंने आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी बदलावों को करीब से देखा है। यही अनुभव उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए सक्षम बनाता है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि इस वर्ष जनसंघ की स्थापना के 75 वर्ष पूरे हो रहे हैं और उसी विचारधारा से भाजपा का जन्म हुआ है।
Comments (0)