दिल्ली: दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आज एक अहम राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां नव निर्वाचित भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी कार्यक्रम में शामिल हुए और उन्होंने नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष को शुभकामनाएं दीं।
बीजेपी मुख्यालय में हुआ पदभार ग्रहण कार्यक्रम
भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी। सीएम के साथ मध्य प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री—जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी शामिल हुए।
युवा नेतृत्व को लेकर सीएम ने जताया भरोसा
नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि एक युवा अध्यक्ष के रूप में वे विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का काम करेंगे। सीएम ने भरोसा जताया कि उनके नेतृत्व में पार्टी संगठन और अधिक मजबूत होगा।
पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह
नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पदभार ग्रहण समारोह को पार्टी के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
Comments (0)