प्रयागराज - प्रयागराज की संगम नगरी में हनुमान कथा के दौरान श्रद्धा, संस्कृति और सामाजिक विषयों का अनोखा संगम देखने को मिला। आपको बता दें कि,यह तीन दिवसीय आयोजन बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंड़ित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बागेश्वर धाम सरकार) की ओर से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
कार्यक्रम में शामिल हुए नीतीश भारद्वाज
इस खास अवसर पर नीतीश भारद्वाज भी मौजूद रहे, जिन्हें टीवी धारावाहिक महाभारत में भगवान श्रीकृष्ण की भूमिका निभाने के लिए जाना जाता है। उनके संबोधन ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा। अपने भाषण में उन्होंने गुरु-शिष्य परंपरा, सनातन धर्म की मूल भावना और समाज में एकता बनाए रखने की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की।
अहिंसा परमो धर्मः
टीवी धारावाहिक महाभारत में भगवान श्रीकृष्ण की भूमिका निभाने वाले नीतीश भारद्वाज ने कहा कि, वर्तमान समय में सांस्कृतिक मूल्यों को समझनाऔर उन्हें बनाए रखना बेहद जरूरी है। भारद्वाज का एक बयान कार्यक्रम में खास चर्चा का विषय बना। उन्होंने कहा कि, प्रेम उसी को देंगे जो हमसे प्रेम करेगा, और जो तलवार लेकर सामने खड़ा होगा, उसके सामने ‘अहिंसा परमो धर्मः’ नहीं कहेंगे।
आज भी महाभारत जारी है
नीतीश भारद्वाज ने आगे कहा कि, आज के समय में भी “महाभारत” जैसी परिस्थितियां देखने को मिलती हैं। उनके अनुसार, भारत को अलग-थलग करने के लिए कई शक्तियां सक्रिय हैं, जिससे समाज को सतर्क रहने की जरूरत है। उनके इस संबोधन ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच चर्चा को जन्म दिया। कुछ लोगों ने इसे सामाजिक चेतना का संदेश बताया, तो कुछ ने इसे समकालीन मुद्दों पर तीखी टिप्पणी के रूप में देखा।