जोधपुर: राजस्थान के बालोतरा जिले स्थित पचपदरा तेल रिफाइनरी में आग लगने की घटना के बाद राज्य सरकार सतर्क हो गई है। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने मंगलवार सुबह HPCL के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की और पूरे मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए।
HPCL अधिकारियों संग हुई अहम बैठक
मुख्य सचिव ने बताया कि उन्होंने सुबह HPCL के चेयरमैन से बातचीत कर हालात की जानकारी ली। साथ ही, रिफाइनरी में होने वाली बैठक में घटना के सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा करने की बात कही गई है।
घटनास्थल का करेंगे निरीक्षण
जोधपुर सर्किट हाउस से अधिकारियों की टीम के साथ रवाना होने से पहले वी. श्रीनिवास ने कहा कि वे मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेंगे और संबंधित अधिकारियों के साथ गहन समीक्षा करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार इस घटना को बेहद गंभीरता से ले रही है।
CM भजनलाल शर्मा का दौरा तय
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी आज पचपदरा रिफाइनरी पहुंचकर अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और घटना की विस्तृत समीक्षा करेंगे। राज्य स्तर पर इस मामले पर लगातार नजर रखी जा रही है।
उद्घाटन से पहले लगी आग, कार्यक्रम टला
गौरतलब है कि सोमवार दोपहर रिफाइनरी की क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट में अचानक भीषण आग लग गई थी। यह रिफाइनरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मंगलवार को उद्घाटित की जानी थी, लेकिन हादसे के चलते कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया।
दो घंटे में आग पर काबू, कोई हताहत नहीं
अचानक लगी आग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दमकल टीमों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।