प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बहुप्रतीक्षित कार्यक्रम ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ आज प्रसारित किया जा रहा है। यह इस कार्यक्रम का नौवां संस्करण है, जिसका उद्देश्य छात्रों को परीक्षा के तनाव से मुक्त करना और पढ़ाई के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना है। ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ का लाइव प्रसारण प्रधानमंत्री के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर किया जा रहा है। इसके साथ ही छात्र और अभिभावक इस कार्यक्रम को ऑल इंडिया रेडियो पर भी सुन सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी छात्रों से सीधी बातचीत करते हुए स्ट्रेमैनेजमेंट, टाइम मैनेजमेंट, पढ़ाई की रणनीति और करियर से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दे रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने आज देशभर के नागरिकों और छात्रों को इस विशेष एपिसोड को देखने के लिए आमंत्रित किया था। इस वर्ष परीक्षा पे चर्चा के तहत गुजरात के देव मोगरा, तमिलनाडु के कोयंबटूर, छत्तीसगढ़ के रायपुर, असम के गुवाहाटी और नई दिल्ली स्थित 7 लोक कल्याण मार्ग सहित कई स्थानों से परीक्षा देने वाले छात्रों के साथ इंटरेक्टिव सेशन आयोजित किए गए।
2018 में हुआ था पहला ‘परीक्षा पे चर्चा’
‘परीक्षा पे चर्चा’ का पहला कार्यक्रम 16 फरवरी 2018 को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित किया गया था। तब से यह कार्यक्रम हर साल परीक्षा से पहले छात्रों के लिए एक प्रेरणादायक मंच बन चुका है, जहां प्रधानमंत्री स्वयं छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों से संवाद करते हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्रों को यह संदेश देना है कि परीक्षा जीवन का एक हिस्सा है, जीवन की कसौटी नहीं। पीएम मोदी अपने अनुभवों और सरल उदाहरणों के माध्यम से छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें बिना दबाव के बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं।
Comments (0)