हरदोई - Narendra Modi ने गंगा एक्सप्रेसवे उद्घाटन के दौरान विपक्ष पर तीखा निशाना साधते हुए कहा कि देश में अब वह दौर खत्म हो चुका है, जब एक सड़क बनाने के लिए दशकों तक इंतजार करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि पहले सिर्फ घोषणाएं होती थीं और फाइलें सालों तक चलती रहती थीं, लेकिन अब डबल इंजन सरकार में शिलान्यास के साथ तय समय में लोकार्पण भी हो रहा है।
‘डबल इंजन सरकार में दिखता है काम’
प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले योजनाएं सिर्फ कागजों तक सीमित रह जाती थीं और सरकारें बदलने के साथ काम अधूरा रह जाता था। उन्होंने दावा किया कि अब विकास परियोजनाएं समयबद्ध तरीके से पूरी हो रही हैं, जिससे जनता को सीधा लाभ मिल रहा है और इंफ्रास्ट्रक्चर तेजी से मजबूत हो रहा है।
सपा पर साधा निशाना
पीएम मोदी ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि कुछ दल प्रदेश की प्रगति से खुश नहीं हैं और समाज को बांटने की राजनीति करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ये दल वोट लेकर संसद में उत्तर प्रदेश के खिलाफ खड़े हो जाते हैं और महिला विरोधी सोच रखते हैं।
बंगाल में वोटिंग को बताया लोकतंत्र का उत्सव
प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में चल रहे मतदान का जिक्र करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में लोग बिना किसी डर के वोट डालने के लिए निकल रहे हैं। उन्होंने इसे मजबूत होते लोकतंत्र का संकेत बताते हुए लोगों से अपील की कि वे इसी उत्साह के साथ मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लें।
गुजरात चुनाव नतीजों का भी किया जिक्र
पीएम मोदी ने हाल ही में आए गुजरात के स्थानीय निकाय चुनाव परिणामों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जीत हासिल की है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी ने 80 से 85 प्रतिशत नगर निकायों और पंचायतों में सफलता पाई है, जो जनता के विश्वास को दर्शाता है।