कोलकाता: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 26 और 27 अप्रैल 2026 को कोलकाता और पश्चिम बंगाल दौरे को लेकर कोलकाता पुलिस ने विशेष ट्रैफिक नोटिफिकेशन जारी किया है। पुलिस आयुक्त अजय नंद द्वारा जारी आदेश के अनुसार, शहर की कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रतिबंध, डायवर्जन और भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।
26 अप्रैल को शाम 3 बजे से रात 9 बजे तक विशेष प्रतिबंध
26 अप्रैल को दोपहर 3 बजे से रात 9 बजे तक कोलकाता पुलिस क्षेत्राधिकार के कई महत्वपूर्ण मार्गों पर सभी प्रकार के मालवाहक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। हालांकि LPG सिलेंडर, CNG, पेट्रोलियम, ऑक्सीजन, सब्जियां, दवाइयां, फल, मछली और दूध ले जाने वाले वाहनों को छूट दी गई है। इस दौरान रेड रोड, आर.आर. एवेन्यू, नेताजी स्टेडियम, एस्प्लेनेड, पार्क स्ट्रीट, एजेसी बोस रोड, श्यामबाजार, जे.एम. एवेन्यू, बीबीडी बाग और विवेकानंद रोड समेत कई प्रमुख मार्ग प्रभावित रहेंगे।
27 अप्रैल को सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक फिर लगेगा प्रतिबंध
27 अप्रैल को सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक भी कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक नियंत्रण लागू रहेगा। इस दौरान रेड रोड, स्ट्रैंड रोड, हेस्टिंग्स, ईएम बायपास, उल्टाडांगा फ्लाईओवर, श्यामबाजार, बी.टी. रोड और सिंथी क्रॉसिंग जैसे मार्गों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी।
लोक भवन के आसपास भारी वाहनों पर सख्त रोक
लोक भवन के आसपास 26 अप्रैल शाम 3 बजे से 27 अप्रैल दोपहर 1 बजे तक सभी भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। इसके अलावा गवर्नमेंट प्लेस ईस्ट से बीबीडी बाग साउथ क्रॉसिंग तक सड़क पूरी तरह बंद रहेगी।
ट्राम, निजी वाहन और पार्किंग पर भी असर
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ट्राम, निजी वाहन और अन्य सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग एवं मूवमेंट भी वीवीआईपी मूवमेंट के अनुसार नियंत्रित की जाएगी। जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक पुलिस अन्य वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्जन भी लागू करेगी।
आम नागरिकों से सहयोग की अपील
कोलकाता पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर जांच लें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।