पश्चिम बंगाल : मुर्शिदाबाद जिले के जंगीपुर में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता अब “भय के माहौल” से बाहर निकलकर “भरोसे की राजनीति” की ओर बढ़ रही है। पीएम मोदी ने दावा किया कि राज्य में परिवर्तन तय है और भाजपा सरकार बनने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
TMC पर लेफ्ट की नीतियों को आगे बढ़ाने का आरोप
पीएम मोदी ने कहा कि TMC, वामपंथी दल सीपीआई(एम) की “कार्बन कॉपी” बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो गुंडे और सिंडिकेट पहले लेफ्ट के साथ जुड़े थे, वे अब TMC के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। पीएम ने कहा कि भ्रष्टाचार, “कट मनी” और कमीशनखोरी की राजनीति को TMC ने और अधिक बढ़ावा दिया है, जिससे आम जनता प्रभावित हो रही है।
घुसपैठ और कानून-व्यवस्था पर गंभीर आरोप
प्रधानमंत्री ने राज्य में घुसपैठ, हथियारों की तस्करी, ड्रग्स और मवेशी तस्करी जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि बंगाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति गंभीर है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अवैध गतिविधियों को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था कमजोर हो रही है।
CAA, UCC और नागरिकता का मुद्दा
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) और समान नागरिक संहिता (UCC) का भी जिक्र किया। उन्होंने मतुआ और नामशूद्र समुदायों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें किसी नेता की दया पर नहीं छोड़ा जाएगा, बल्कि भारत का संविधान उन्हें सुरक्षा देता है। उन्होंने वादा किया कि भाजपा सरकार बनने पर CAA के तहत नागरिकता देने की प्रक्रिया को तेज किया जाएगा और “भय मुक्त बंगाल” बनाया जाएगा।