प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी 78वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी ने कहा कि बापू के आदर्श हमें एक विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं। पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर मेरा शत-शत नमन। पूज्य बापू का हमेशा स्वदेशी पर बल रहा, जो विकसित और आत्मनिर्भर भारत के हमारे संकल्प का आधार है। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व देशवासियों को कर्तव्य पथ पर चलने के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा।” उन्होंने आगे कहा कि बापू ने मानवता की रक्षा के लिए हमेशा अहिंसा पर बल दिया, जो बिना हथियार के दुनिया को बदलने की शक्ति है। उनका उद्धरण, “अहिंसा परमो धर्म: अहिंसा परन्तप:। अहिंसा परमं सत्यं यतो धर्मः प्रवर्तते।”, आज भी मार्गदर्शन देता है।
पीयूष गोयल ने किया पोस्ट
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने लिखा कि महात्मा गांधी के आदर्श—सत्य, अहिंसा और सद्भाव—भारत ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व के लिए मानवता का मार्ग दर्शाते हैं।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया पोस्ट
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने महात्मा गांधी को अहिंसा, सत्य और करुणा का अग्रदूत बताया और कहा कि उन्होंने स्वच्छता को स्वराज की आधारशिला माना। उन्होंने स्वच्छ भारत के संकल्प के साथ गांधीजी के सपनों का भारत बनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया पोस्ट
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गांधीजी को सत्य, अहिंसा और एकता का संदेश देने वाला बताया और कहा कि उनका जीवन लोककल्याण की प्राप्ति का अनुकरणीय उदाहरण है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया पोस्ट
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लिखा कि महात्मा गांधी का जीवन त्याग, तपस्या और राष्ट्रसेवा का अमर संदेश है, जो न्याय, समरसता और शांति के पथ पर चलने की प्रेरणा देता है।
Comments (0)