नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर देशभर के स्वास्थ्यकर्मियों के समर्पण और सेवा भाव की सराहना की। उन्होंने सभी नागरिकों को उत्तम स्वास्थ्य की शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
सोशल मीडिया पर साझा किया संदेश
प्रधानमंत्री ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि इस अवसर पर हम उन सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं, जो दूसरों की सेवा में निरंतर समर्पित हैं और एक स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हमें स्वास्थ्य प्रणालियों को और मजबूत बनाने और हर व्यक्ति के कल्याण को प्राथमिकता देने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।
स्वस्थ रहने का किया आग्रह
पीएम मोदी ने देशवासियों से आग्रह किया कि वे अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें और फिट रहने के लिए हरसंभव प्रयास करें।
उन्होंने अपने संदेश में संस्कृत श्लोक भी साझा किया—
“लाघवं कर्मसामर्थ्यं दीप्तोऽग्निर्मेदसः क्षयः।
विभक्तघनगात्रत्वं व्यायामादुपजायते॥”
इस संदेश के जरिए प्रधानमंत्री ने फिटनेस, अनुशासन और नियमित व्यायाम के महत्व को रेखांकित किया।