देश के चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे 4 मई को सामने आएंगे। इससे पहले अंतिम चरण के मतदान के बाद सभी राज्यों के एग्जिट पोल जारी हो चुके हैं, जिनके आधार पर अलग-अलग दलों को मिलने वाली सीटों का अनुमान लगाया गया है।
इन एग्जिट पोल को मिलाकर तैयार किए गए ‘पोल ऑफ पोल्स’ में जेवीसी, पी-मार्क, मैट्रिज, पीपुल्स पल्स, चाणक्य स्ट्रैटेजीज, पोल डायरी और जनमत पोल्स जैसी एजेंसियों के आंकड़े शामिल हैं।
पांच राज्यों के चुनाव में सबसे ज्यादा नजरें पश्चिम बंगाल पर टिकी हैं, जहां ममता बनर्जी और भारतीय जनता पार्टी के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। आइए जानते हैं अलग-अलग राज्यों में पोल ऑफ पोल्स क्या संकेत दे रहा है।
बंगाल में कड़ा मुकाबला
पोल ऑफ पोल्स के मुताबिक पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस को बढ़त मिल सकती है। टीएमसी को करीब 147 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि बीजेपी को 137 सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस और वाम दलों को 2-2 सीटें मिल सकती हैं, जबकि अन्य के खाते में 6 सीटें जा सकती हैं।
असम में बीजेपी की हैट्रिक के आसार
असम में पोल ऑफ पोल्स के अनुसार बीजेपी एक बार फिर सत्ता में वापसी करती नजर आ रही है। बीजेपी को करीब 88 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि कांग्रेस को 27 सीटें मिल सकती हैं। अन्य दलों को 7 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है।
केरल में सत्ता परिवर्तन के संकेत
केरल में इस बार सत्ता बदलने के संकेत मिल रहे हैं। पोल ऑफ पोल्स के मुताबिक कांग्रेस के नेतृत्व वाले UDF को 77 सीटें मिल सकती हैं, जबकि लेफ्ट के LDF को 59 सीटें मिलने का अनुमान है। बीजेपी और अन्य के खाते में 2-2 सीटें जा सकती हैं।
तमिलनाडु में किसे मिलेगी बढ़त?
तमिलनाडु में DMK और कांग्रेस गठबंधन का दबदबा कायम रह सकता है। पोल ऑफ पोल्स के अनुसार इस गठबंधन को करीब 130 सीटें मिल सकती हैं, जबकि AIADMK गठबंधन को 65 सीटें मिल सकती हैं। वहीं विजय की पार्टी TVK को 31 सीटें मिलने का अनुमान है। अन्य दलों को 8 सीटें मिल सकती हैं।
पुडुचेरी में बीजेपी गठबंधन मजबूत
केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में भी बीजेपी गठबंधन की स्थिति मजबूत नजर आ रही है। पोल ऑफ पोल्स के अनुसार बीजेपी गठबंधन को 17 सीटें मिल सकती हैं, जबकि कांग्रेस गठबंधन को 9 सीटें मिलने का अनुमान है। अन्य के खाते में 3 सीटें जा सकती हैं।