कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने एक बार फिर तीखा हमला बोला है। भाजपा ने राहुल गांधी पर पूर्वोत्तर भारत का अपमान करने और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रति अनादर दिखाने का गंभीर आरोप लगाया है। यह विवाद राष्ट्रपति भवन में आयोजित ऐट-होम कार्यक्रम से जुड़ा है।
शहजाद ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
भाजपा का आरोप है कि ऐट-होम कार्यक्रम के दौरान सभी मेहमानों को सम्मान स्वरूप दिए गए असमिया गमोसा को राहुल गांधी ने नहीं पहना, जिसे पार्टी ने असम और पूर्वोत्तर की संस्कृति का अपमान बताया है। इसी मुद्दे को लेकर भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने राहुल गांधी पर जोरदार निशाना साधा।
राहुल गांधी को लगता है कि वह भारत के मालिक है ?
भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने मीडिया से बातचीत में कहा, क्या राहुल गांधी को लगता है कि वह भारत के मालिक हैं? राष्ट्रपति भवन जैसे गरिमामय कार्यक्रम में असमिया गमोसा न पहनना न सिर्फ पूर्वोत्तर का अपमान है, बल्कि यह राष्ट्रपति के प्रति भी असम्मान दर्शाता है।
राहुल गांधी महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रमों में क्यों नहीं दिखाई देते?
उन्होंने आगे राहुल गांधी की सार्वजनिक कार्यक्रमों में अनुपस्थिति को लेकर भी सवाल उठाए। शहजाद पूनावाला ने कहा, वैसे राहुल गांधी महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रमों में क्यों नहीं दिखाई देते? उपराष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह में वह कहां थे? प्रधान न्यायाधीश के शपथ ग्रहण समारोह में क्यों नहीं आए? स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर भी उनकी मौजूदगी क्यों नहीं रहती?
कांग्रेस देश की परंपराओं नजरअंदाज करता रहा है
भाजपा नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी का यह व्यवहार उनकी राजनीतिक सोच और मानसिकता को दर्शाता है, जिसमें देश की विविध संस्कृति और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति सम्मान की कमी झलकती है। पार्टी ने इसे कांग्रेस की पुरानी सोच से जोड़ते हुए कहा कि कांग्रेस नेतृत्व बार-बार देश की परंपराओं और भावनाओं को नजरअंदाज करता रहा है।
Comments (0)