दिल्ली: दिल्ली में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समन के बावजूद आईपैक के वरिष्ठ अधिकारी ऋषि राज निर्धारित समय पर एजेंसी के सामने पेश नहीं हुए। उन्हें सुबह 11 बजे पूछताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन तय वक्त बीत जाने के बाद भी उनकी अनुपस्थिति ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
चुनावी व्यस्तता का दिया जा सकता है हवाला
सूत्रों की मानें तो ऋषि राज तमिलनाडु में जारी चुनावी गतिविधियों में व्यस्त हैं और इसी कारण वे पेशी से छूट की मांग कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि वे पहले भी अपने चुनावी कार्यक्रमों का हवाला देते हुए समय मांग चुके हैं, और इस बार भी वही कारण सामने आ सकता है।
ईडी और ऋषि राज की ओर से चुप्पी बरकरार
इस पूरे मामले पर अब तक न तो ईडी की ओर से कोई आधिकारिक बयान आया है और न ही ऋषि राज या उनकी टीम ने कोई प्रतिक्रिया दी है। ऐसे में उनकी गैरमौजूदगी को लेकर अटकलों का दौर लगातार तेज हो रहा है।
पहले भी मांगा जा चुका है अतिरिक्त समय
उल्लेखनीय है कि इसी महीने की शुरुआत में ईडी ने आईपैक के दो बड़े अधिकारियों ऋषि राज और प्रतीक जैन को तलब किया था। उस दौरान दोनों ने पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के चुनावी काम में व्यस्तता का हवाला देते हुए दिल्ली हाईकोर्ट से अतिरिक्त समय की मांग की थी। उन्होंने अदालत में दायर याचिका में स्पष्ट किया था कि चुनावी जिम्मेदारियों के चलते तय समय पर उपस्थित होना उनके लिए संभव नहीं है।