पटना । सम्राट चौधरी को जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को बिहार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुजरात से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को सानंद इलाके से पकड़ा गया है और अब उसे ट्रांजिट रिमांड पर पटना लाया जा रहा है, जहां उससे गहन पूछताछ की जाएगी।
तकनीकी सर्विलांस से मिला आरोपी का सुराग
धमकी मिलने के बाद बिहार पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। सर्विलांस टीम ने मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद से आरोपी का पता लगाया। गुजरात पुलिस के सहयोग से संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को सानंद से गिरफ्तार किया गया।
मोबाइल कॉल के जरिए दी गई थी धमकी
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने मुख्यमंत्री को मोबाइल फोन के माध्यम से जान से मारने की धमकी दी थी। इस मामले में मुंगेर जिले के संग्रामपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था।
बांका का रहने वाला है आरोपी
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान शेखर यादव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के बांका जिले के बेलहर क्षेत्र का निवासी है। फिलहाल वह गुजरात में एक निजी कंपनी में काम कर रहा था।
पूछताछ में कबूला जुर्म
गिरफ्तारी के बाद प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। हालांकि, उसने ऐसा क्यों किया, इसके पीछे की वजहों का खुलासा अभी नहीं हुआ है। पुलिस इस पूरे मामले में हर एंगल से जांच कर रही है।
पटना में होगी विस्तृत पूछताछ
बिहार पुलिस आरोपी को पटना लाकर उससे विस्तृत पूछताछ करेगी। यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस मामले में कोई और व्यक्ति भी शामिल है या यह अकेले की साजिश थी।