हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार, 10 अप्रैल को भारतीय शेयर बाजार में मजबूती देखने को मिल रही है। सेंसेक्स करीब 500 अंक (0.66%) की तेजी के साथ 77,150 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी भी 160 अंकों की बढ़त के साथ 23,940 के स्तर पर पहुंच गया है। बाजार में मुख्य रूप से बैंकिंग और ऑटो सेक्टर के शेयरों में खरीदारी देखी जा रही है।
एशियाई बाजारों में भी मजबूती
आज एशियाई बाजारों में भी तेजी का रुख देखने को मिला है। साउथ कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 1.68% की बढ़त के साथ 5875 पर पहुंचा, जापान का निक्केई 1.72% बढ़कर 56,856 पर और हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स 0.65% की तेजी के साथ 25,919 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
अमेरिकी बाजारों में भी बढ़त
9 अप्रैल को अमेरिकी शेयर बाजारों में भी मजबूती दर्ज की गई। डाउ जोन्स 0.58% की बढ़त के साथ 48,186 पर बंद हुआ, नैस्डैक 0.83% चढ़कर 22,822 पर और S&P 500 इंडेक्स 0.62% की तेजी के साथ 6,825 पर बंद हुआ।
पिछला कारोबारी सत्र
इससे पहले 9 अप्रैल को भारतीय शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 931 अंक (1.20%) गिरकर 76,632 के स्तर पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 222 अंक (0.93%) टूटकर 23,775 पर आ गया था। उस दिन ऑटो और बैंकिंग शेयरों में बिकवाली रही थी, जबकि मेटल और फार्मा सेक्टर में तेजी देखने को मिली थी।