नई दिल्ली - कांग्रेस पार्टी के सीनियर सांसद शशि थरूर ने मिडिल ईस्ट के संकट के बीच पाकिस्तान की भूमिका पर तीखा प्रहार किया है। कांग्रेस नेता ने वाशिंगटन और तेहरान के बीच चल रही बातचीत में पाकिस्तान की मजबूरी और भारत की रणनीति के बीच का अंतर साफ किया है।
पाक पीएम पर कांग्रेस सांसद का तंज
शशि थरूर ने कटाक्ष करते हुए उस वायरल पोस्ट का जिक्र किया जिसमें पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ के सोशल मीडिया हैंडल पर ‘ड्राफ्ट’ लिखा नजर आया था। कांग्रेस सांसद ने सवाल उठाया कि, क्या वाशिंगटन ही पाकिस्तान के पीएम के लिए संदेश लिखता है। थरूर के अनुसार, भारत जैसा स्वाभिमानी देश कभी ऐसी गलती नहीं कर सकता क्योंकि भारत की अपनी स्वतंत्र विदेश नीति है।
क्या है 'एक्स' पोस्ट के पीछे का राज ?
देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस के दिग्गज नेता शशि थरूर ने कहा कि, पाकिस्तान और अमेरिका के रिश्ते जगजाहिर हैं। उन्होंने शहबाज शरीफ के उस पोस्ट की तरफ इशारा किया जो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के संदेश से काफी मिलता-जुलता था। कांग्रेस सांसद थरूर ने कटाक्ष करते हुए आगे कहा कि, केवल पाकिस्तान ही वाशिंगटन के साथ इस तरह की भूमिका निभा सकता है जहां उनके संदेश भी बाहर से तय होते हैं।
कांग्रेस पार्टी के सीनियर सांसद शशि थरूर ने पत्रकारों से बात करते हुए आगे कहा कि, अगर भारत में कोई प्रधानमंत्री के लिए कुछ लिखता है तो क्या वह ऊपर ‘ड्राफ्ट फॉर इंडिया पीएम’ लिखेगा। यह घटना दिखाती है कि पाकिस्तान की कूटनीति पर बाहरी दबाव कितना ज्यादा है और वह किस तरह काम करता है।
भारत की चुप्पी और असली रणनीति
मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच भारत की चुप्पी को लेकर कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा कि, भारत एक जिम्मेदार हिस्सेदार है और कई बार राजनयिक खामोशी भी सबसे बड़ा योगदान होती है। इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा कि, भारत का मुख्य हित युद्ध के नतीजे में है न कि केवल चर्चा की प्रक्रिया का हिस्सा बनने में। खाड़ी देशों में एक करोड़ से ज्यादा भारतीय रहते हैं और युद्ध के कारण ऊर्जा सप्लाई पर भी गहरा असर पड़ा है।
युद्ध का खत्म होना ही भारत के हक में है
देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस के दिग्गज नेता शशि थरूर का मानना है कि, युद्ध का खत्म होना ही भारत के हक में है फिर चाहे मध्यस्थता पाकिस्तान करे या कोई और देश। इसके साथ ही उन्होंने आगे अपने इस बयान में कहा कि, भारत अपनी भूमिका का आकलन खुद करेगा और सही समय पर सही कदम उठाएगा।
पाकिस्तान की मजबूरी और भारत का हित
कांग्रेस पार्टी के सांसद थरूर ने कहा कि, पाकिस्तान की स्थिति भारत से बिल्कुल अलग है क्योंकि उसकी ईरान के साथ करीब 900 किलोमीटर लंबी सीमा लगती है।उन्होंने आगे कहा कि, वहां शिया आबादी भी काफी ज्यादा है और युद्ध बढ़ने पर शरणार्थियों का सबसे पहला बोझ पाकिस्तान पर ही आएगा। इसलिए पाकिस्तान की इस खेल में हिस्सेदारी अलग है और भारत का उससे कोई मुकाबला नहीं है।
कांग्रेस के दावों को थरूर ने किया खारिज
इस दौरान शशि थरूर ने कांग्रेस के उन दावों को सिरे से खारिज किया जिसमें पाकिस्तान की भूमिका को भारतीय विदेश नीति के लिए बड़ा झटका बताया जा रहा था। कांग्रेस सांसद थरूर ने चेतावनी दी कि, शून्य की स्थिति खतरनाक होती है लेकिन भारत को अपनी ताकत और सीमाओं को पहचानते हुए ही कदम आगे बढ़ाना चाहिए।