बर्धमान। पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले में एक दर्दनाक नाव हादसे में दो मजदूरों की डूबकर मौत हो गई। घटना केतुग्राम इलाके के शाखाई घाट के पास अजय और भागीरथी नदी के संगम स्थल पर हुई, जहां अवैध बालू खनन के दौरान यह हादसा सामने आया।
बताया जा रहा है कि सुबह के समय मजदूर नदी से बालू निकालकर नाव में लाद रहे थे। इसी दौरान अचानक नाव असंतुलित होकर पलट गई, जिससे उसमें सवार दोनों मजदूर नदी में डूब गए। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन:
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नाव बालू से पूरी तरह भरी हुई थी, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने पलटी नाव के हिस्से को काटकर एक शव बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान चलाकर दूसरे शव को भी बरामद किया।
दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए कटवा महकमा अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
कहां जा रही थी नाव?
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नाव मुर्शिदाबाद की ओर जा रही थी और संभवतः जियागंज थाना क्षेत्र से जुड़ी हुई थी। अनुमान लगाया जा रहा है कि अंधेरे में नदी के तल से टकराने के कारण नाव पलट गई।
पहले भी हो चुका है हादसा:
गौरतलब है कि करीब एक महीने पहले भी इसी इलाके के माउग्राम के पास बालू लदी नाव पलटने की घटना हुई थी। बार-बार हो रहे ऐसे हादसों ने अवैध बालू खनन और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस का बयान:
केतुग्राम थाने की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अवैध बालू खनन के एंगल से भी पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।