ओडिशा - सुप्रीम कोर्ट ने ओडिशा के एक सरकारी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़े मामले को रद्द करते हुए महत्वपूर्ण टिप्पणी की है। अदालत ने कहा कि कानून का उद्देश्य बेगुनाहों की रक्षा करना होना चाहिए, न कि उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान करना।
ठोस सबूत नहीं, इसलिए केस खारिज
सुप्रीम कोर्ट ने पाया कि संबंधित अधिकारी के खिलाफ कोई ठोस और विश्वसनीय आरोप या पर्याप्त साक्ष्य मौजूद नहीं थे। इसी आधार पर अदालत ने उनके खिलाफ चल रही आपराधिक कार्यवाही को समाप्त कर दिया। अपने फैसले में कोर्ट ने कहा कि आपराधिक मुकदमे का सामना करना किसी भी व्यक्ति की प्रतिष्ठा, स्वतंत्रता और सामाजिक सम्मान पर गंभीर असर डालता है। ऐसे मामलों में व्यक्ति को सामाजिक बदनामी और ऐसा नुकसान झेलना पड़ सकता है, जिसकी भरपाई संभव नहीं होती।
बिना मजबूत आधार के मुकदमा नहीं
सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि यदि उपलब्ध सामग्री और सबूतों से अपराध साबित होने पर गंभीर संदेह हो, तो आरोपी को लंबे और कठिन आपराधिक मुकदमे से गुजरने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए।
न्याय व्यवस्था पर अहम टिप्पणी
अदालत ने कहा कि न्याय प्रणाली का मूल उद्देश्य निर्दोष लोगों की सुरक्षा करना है। कानून को बेगुनाहों के लिए ढाल की तरह काम करना चाहिए, न कि तलवार बनकर उनके अधिकारों और सम्मान को नुकसान पहुंचाना चाहिए।