लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता बढ़ने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगेगा। अधिकांश जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं 30 जून से पूरे प्रदेश में मानसूनी बारिश का सिलसिला तेज होने के आसार हैं।हालांकि, अगले दो दिनों तक सोनभद्र, मिर्जापुर और चंदौली जैसे दक्षिणी जिलों में लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है।
66 जिलों में वज्रपात और मेघगर्जन की चेतावनी
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार के लिए प्रदेश के 66 जिलों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा तराई क्षेत्र के कुशीनगर, महाराजगंज और सिद्धार्थनगर में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है।मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
30 जून से तेज होंगी मानसूनी गतिविधियां
30 जून से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय होने लगेगा। जुलाई के पहले सप्ताह में उत्तरप्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने के संकेत हैं।
उन्होंने बताया कि मानसून के सक्रिय होने के बाद अधिकतम तापमान में 7 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे प्रदेश में लंबे समय से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को काफी राहत मिलने की संभावना है।
इन जिलों में जारी किया गया अलर्ट
मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में मेघगर्जन, तेज हवाओं और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।