परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) 2 से 4 जुलाई 2026 तक यूपी शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET 2026) आयोजित करेगा। इस बार परीक्षा में करीब 16 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिनके लिए राज्य के 60 जिलों में 955 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। आयोग ने पेपर लीक और नकल पर रोक लगाने के लिए मल्टी-लेयर सिक्योरिटी सिस्टम, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और डिजिटल लॉक जैसी हाईटेक व्यवस्थाएं लागू की हैं।
30 जून को जारी होंगे एडमिट कार्ड
आयोग के अनुसार, UPTET 2026 के एडमिट कार्ड 30 जून को आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थी अपने पंजीकरण विवरण के जरिए एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। प्रयागराज में सबसे अधिक 53 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 96,626 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
पेपर लीक रोकने के लिए सख्त इंतजाम
हाल के वर्षों में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं को देखते हुए आयोग ने इस बार सुरक्षा व्यवस्था को पहले से अधिक मजबूत किया है। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, अभ्यर्थियों की पहचान और परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और नकलमुक्त हो सके।
महाराष्ट्र TET मामला बना बड़ी चेतावनी
इसी बीच महाराष्ट्र में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET 2025) पेपर लीक की आशंका के चलते परीक्षा से ठीक एक दिन पहले स्थगित कर दी गई। ठाणे जिले के भिवंडी में पुलिस छापे के दौरान संदिग्ध प्रश्नपत्र मिलने के बाद महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद (MSCE) ने यह फैसला लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद दस्तावेज असली प्रश्नपत्र थे या मॉक टेस्ट सामग्री। ऐसे में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग इस बार किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था के साथ परीक्षा आयोजित करने जा रहा है।