पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के लिए प्रचार अब अंतिम दौर में पहुंच चुका है. सोमवार 27 अप्रैल को शाम 5:30 बजे नेता प्रतिपक्ष और बीजेपी के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी भवानीपुर में अपने सघन चुनाव अभियान का समापन करेंगे. यह समापन कार्यक्रम राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है.
प्रचार के अंतिम दिन शुभेंदु अधिकारी जतिन दास पार्क स्थित 23 पल्ली दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और इसके बाद जनता को अपना अंतिम संदेश देंगे. इस कार्यक्रम को खास रणनीति के तहत तैयार किया गया है, जहां आस्था और चुनावी संदेश का मिश्रण देखने को मिलेगा.
‘दीदी के किले’ में सीधी चुनौती
भवानीपुर सीट को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का मजबूत गढ़ माना जाता है. लेकिन नंदीग्राम में 2021 की जीत के बाद शुभेंदु अधिकारी अब भवानीपुर में भी ममता बनर्जी को सीधी चुनौती दे रहे हैं. उनका दावा है कि इस बार जनता बदलाव के मूड में हैI
घर-घर प्रचार से मुकाबला हुआ दिलचस्प
पिछले कई हफ्तों में शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर के हर वार्ड और गली में पदयात्राएं और जनसंपर्क अभियान चलाया है. उनके इस सघन प्रचार के कारण इस सीट पर मुकाबला बेहद करीबी माना जा रहा है.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रचार समापन कार्यक्रम को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की गई है. प्रशासन किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने के लिए पूरी तरह सतर्क है.
मीडिया की नजरें, बड़े बयान की उम्मीद
इस अहम मौके को कवर करने के लिए मीडिया को खुला निमंत्रण दिया गया है. माना जा रहा है कि शुभेंदु अधिकारी इस दौरान कोई बड़ा राजनीतिक बयान दे सकते हैं, जो 29 अप्रैल को होने वाली वोटिंग से पहले बंगाल की सियासत में हलचल तेज कर सकता है.