नासिक: महाराष्ट्र के नासिक स्थित TCS के बीपीओ (BPO) में धर्मांतरण के बड़े खेल और महिला कर्मचारियों के उत्पीड़न के मामले में मुख्य आरोपी निदा खान की तलाश तेज हो गई है। पुलिस की छापेमारी के बाद से ही फरार चल रही एचआर मैनेजर (कथित) निदा खान अब कानून की शरण लेने की योजना बना रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, निदा खान नासिक कोर्ट में अग्रिम जमानत (Anticipatory Bail) के लिए आवेदन करने वाली हैं।
गर्भावस्था को बनाया ढाल
खबरों के अनुसार, निदा खान वर्तमान में गर्भवती हैं और इसी आधार पर वह जेल या पुलिस हिरासत से बचने की कोशिश कर रही हैं। उनके वकीलों की ओर से यह दलील दी जा सकती है कि गर्भवती होने के कारण उनका हिरासत में रहना स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा हो सकता है। बता दें कि निदा ने पिछले साल जनवरी में शादी की थी और मुंबई ट्रांसफर होने के बाद वह नासिक ऑफिस में तैनात हुई थीं।
सरकारी वकील करेंगे पुरजोर विरोध
हालांकि, निदा खान के लिए जमानत पाना आसान नहीं होगा। सरकारी वकीलों ने साफ कर दिया है कि वे जमानत याचिका का कड़ा विरोध करेंगे। पुलिस का दावा है कि निदा न केवल इस धर्मांतरण गिरोह की सदस्य थीं, बल्कि वह इसकी 'मास्टरमाइंड' भी थीं। उन पर आरोप है कि वह टीम लीडर्स द्वारा किए जा रहे कारनामों और यौन उत्पीड़न की शिकायतों को रफा-दफा करती थीं।
मामले का अब तक का घटनाक्रम:
पुलिस की रेड: महिला पुलिस अधिकारियों ने ऑफिस में भेष बदलकर छापेमारी की और एक आरोपी को महिला कर्मचारी के साथ बदसलूकी करते रंगे हाथों पकड़ा।
गिरफ्तारियां: अब तक इस मामले में दानिश शेख, तौसीफ अत्तार, राजा मेमन, शाहरुख कुरैशी, शफी शेख, आसिफ आफताब अंसारी और शाहरुख शेख समेत कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
गंभीर आरोप: नासिक पुलिस कमिश्नर संदीप कर्णिक के अनुसार, यह गिरोह संगठित रूप से महिला कर्मचारियों को निशाना बनाता था। अब तक कुल 9 FIR दर्ज की जा चुकी हैं।
जांच में यह बात भी सामने आ रही है कि निदा खान वास्तव में एचआर मैनेजर थीं या टेलीकॉलर, इसकी पुष्टि की जा रही है, लेकिन धर्मांतरण गिरोह में उनकी संलिप्तता को लेकर पुलिस के पास पुख्ता सबूत होने का दावा किया जा रहा है। फिलहाल, नासिक पुलिस की कई टीमें निदा की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं।