हिमाचल- Una जिले के लालसिंगी इलाके में शुक्रवार को भीषण आग लगने से करीब 30 झुग्गियां जलकर राख हो गईं। यह हादसा पुराने होशियारपुर रोड पर उस समय हुआ जब प्रवासी मजदूर अपने रोजमर्रा के काम में लगे थे। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कुछ ही मिनटों में पूरा इलाका लपटों में घिर गया।
न राशन बचा, न बर्तन—सब कुछ जलकर खाक
इस दर्दनाक हादसे में यूपी और बिहार से आए मजदूरों की जिंदगी भर की जमा-पूंजी पल भर में खत्म हो गई। झुग्गियों में रखा राशन, कपड़े, नकदी और जरूरी घरेलू सामान पूरी तरह जल गया। आग इतनी तेज थी कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
तेज हवाओं ने बढ़ाई तबाही
बताया जा रहा है कि एक झुग्गी में लगी आग तेज हवाओं के कारण तेजी से फैलती चली गई। कुछ ही समय में आसपास की सभी झुग्गियां इसकी चपेट में आ गईं। आग की भयावहता ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया।
डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद काबू
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने के लिए कई दमकल गाड़ियों को लगाया गया, जिसके बाद स्थिति नियंत्रण में आई।
जानी नुकसान टला, लेकिन बड़ा आर्थिक झटका
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आर्थिक नुकसान काफी बड़ा है। अग्निशमन विभाग के अनुसार करीब 2.90 लाख रुपये का नुकसान हुआ है, जबकि लगभग 15 लाख रुपये की संपत्ति को बचा लिया गया।
आग लगने की वजह अब भी रहस्य
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर आग कैसे भड़की।