कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान में अब कुछ ही घंटे शेष हैं। राज्य में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए इस बार चुनाव आयोग के साथ-साथ राजभवन (लोक भवन) ने भी मोर्चा संभाल लिया है। जहां एक ओर आयोग अत्याधुनिक तकनीक का सहारा ले रहा है, वहीं दूसरी ओर राज्यपाल आर.एन. रवि ने सीधे जनता की मदद के लिए 'सिटीजन हेल्पलाइन' सेवा शुरू की है।
राज्यपाल का बड़ा कदम: 24x7 नागरिक हेल्पलाइन
मंगलवार को लोक भवन से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि कई जनप्रतिनिधियों ने राज्यपाल से मुलाकात कर चुनाव पूर्व और चुनाव के बाद होने वाली हिंसा पर चिंता जताई थी। पिछली घटनाओं का हवाला देते हुए मतदाताओं को डराने और लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन की शिकायतें भी सामने आईं।
इसी के मद्देनजर राज्यपाल ने चौबीसों घंटे चालू रहने वाली एक हेल्पलाइन सेवा शुरू की है, ताकि मतदाता किसी भी बाधा या धमकी की स्थिति में सीधे संपर्क कर सकें।
इन नंबरों पर करें संपर्क:
लोक भवन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर निम्नलिखित हैं:
033-2200-1022, 033-2200-1023, 033-2200-1025, 033-2200-1026
033-2200-1027, 033-2200-1028, 033-2200-1029, 033-2200-1032, 033-2200-1036
बूथों पर AI और 360 डिग्री कैमरों का पहरा
चुनाव आयोग ने भी सुरक्षा के इस बार अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं:
1. कृत्रिम मेधा (AI): हर बूथ की निगरानी के लिए एआई तकनीक का उपयोग किया जा रहा है, जिससे संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत पहचान हो सकेगी।
2. 360 डिग्री वेबकास्टिंग: प्रत्येक मतदान केंद्र पर ऐसे कैमरे लगाए गए हैं जो चारों तरफ घूमकर नजर रख सकते हैं। हर बूथ पर अंदर और बाहर दो कैमरे होंगे।
3. निर्बाध बिजली: मतदान के दौरान लोड शेडिंग न हो, इसके लिए विशेष वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।
4. शिकायत निवारण: किसी भी आपात स्थिति या धमकी की रिपोर्ट करने के लिए आयोग ने टोल-फ्री नंबर 1950 भी जारी किया है।
लोक भवन और चुनाव आयोग की इन संयुक्त कोशिशों का उद्देश्य बंगाल के मतदाताओं में विश्वास पैदा करना है ताकि वे बिना किसी डर के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।