Jaipur: अजमेर उत्तर से भाजपा विधायक वासुदेव देवनानी 16वीं विधानसभा (Rajasthan Assembly Session) के स्पीकर निर्विरोध चुने जाएंगे। विधानसभा सत्र के पहले दिन बुधवार को उन्होंने स्पीकर पद के लिए नामांकन दाखिल किया। देवनानी के सामने किसी ने नामांकन नहीं भरा। स्पीकर का चुनाव गुरुवार को होगा। देवनानी ने पांच नामांकन भरे, जिन्हें विपक्ष के वरिष्ठ विधायकों ने समर्थन दिया है। विपक्ष के विधायक देवनानी के प्रस्तावक और समर्थक बने हैं। देवनानी के पहले नामांकन में सीएम भजनलाल प्रस्तावक बने हैं, जिसका सचिन पायलट ने अनुमोदन किया। दूसरे नामांकन पत्र में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के प्रस्ताव को गोविंद सिंह डोटासरा ने अनुमोदन किया।
वासुदेव देवनानी ने स्पीकर पद के लिए दाखिल किया नामांकन
तीसरे नामांकन पत्र में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के प्रस्ताव का विधायक राजकुमार रोत ने अनुमोदन किया। चौथे नामांकन पत्र में डिप्टी सीएम दीया कुमारी के प्रस्ताव का निर्दलीय विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या ने अनुमोदन किया। पांचवें नामांकन में आरएलपी विधायक हनुमान बेनीवाल के प्रस्ताव का आरएलडी विधायक डॉ. सुभाष गर्ग ने अनुमोदन किया। वासुदेव देवनानी ने स्पीकर पद के लिए नामांकन दाखिल किया।शांति धारीवाल ने कही ये बात
इधर, 16वीं विधानसभा के पहले सत्र में सदन की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस विधायक शांति धारीवाल ने अचानक सत्र बुलाने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि यह भजन मंडली नहीं है। वहीं संसद में विपक्षी सांसदों के निलंबन पर विरोध जताने के लिए पूर्व सीएम अशोक गहलोत, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट सहित सभी कांग्रेस विधायक काली पट्टी बांधकर सदन में पहुंचे।डोटासरा ने सांसदों के निलंबन का किया विरोध
कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने शपथ लेने (Rajasthan Assembly Session) वाली डायस से ही सांसदों के निलंबन का विरोध किया। उन्होंने कहा कि मैं और मेरी पार्टी देश में प्रजातंत्र की हत्या का विरोध करते हैं। इस पर प्रोटेम स्पीकर कालीचरण सराफ ने खड़े होकर कहा कि इसकी अनुमति नहीं है। इसके बाद इसे सदन की कार्यवाही से निकाल दिया गया। करीब 3 घंटे सत्र चलने के बाद विधानसभा की कार्यवाही गुरुवार दोपहर ढाई बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई थी। आज सीएम सहित 191 विधायकों ने शपथ ली। 8 विधायकों की शपथ बाकी है, जिनमें 5 बीजेपी और 3 कांग्रेस विधायक हैं।बीजेपी के 5 विधायक, जिनकी शपथ बाकी: तिजारा से विधायक महंत बालकनाथ, नदबई से विधायक जगत सिंह, बांदीकुई से विधायक भागचंद टाकड़ा, निंबाहेड़ा से विधायक श्रीचंद कृपलानी, वैर से बहादुर सिंह कोली।
इन 3 कांग्रेस विधायकों की शपथ बाकी : बागीदौरा से विधायक महेंद्रजीत मालवीय, दांतारमगढ़ के विधायक वीरेंद्र सिंह और रायसिंह नगर विधायक सोहनलाल नायक।