Jaipur: भजनलाल शर्मा शुक्रवार को राजस्थान के नए मुख्यमंत्री (Rajasthan CM Oath Ceremony) के रूप में शपथ लेंगे। ऐतिहासिक अल्बर्ट हॉल के बाहर होने वाले समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल होंगे। राज्यपाल कलराज मिश्र, भजन लाल शर्मा को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे। साथ ही दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा को डिप्टी सीएम के रूप में मंत्रिमंडल सदस्य की शपथ दिलाएंगे।
जानें कब शुरू होगा शपथ ग्रहण समारोह
राजस्थान बीजेपी अध्यक्ष सीपी जोशी ने बताया कि 15 दिसंबर को सुबह 11:15 बजे शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा। शपथ ग्रहण समारोह का कार्यक्रम जयपुर के रामनिवास बाग में होगा। समारोह के लिए व्यापक सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं और तैयारियों को अंतिम रूप देने का काम गुरुवार को भी जारी रहा।
समारोह के लिए राजधानी के मुख्य मार्गों को सजाया गया
समारोह में बड़ी संख्या में लोगों के आने (Rajasthan CM Oath Ceremony) की संभावना है। पार्टी के एक प्रवक्ता ने कहा कि समारोह के लिए केंद्रीय नेताओं और राज्य के मुख्यमंत्रियों को निमंत्रण भेजा गया है। समारोह से पहले राजधानी के मुख्य मार्गों और प्रवेश मार्गों को सजाया गया है। इनमें बीजेपी के झंडे और होर्डिंग कटआउट सहित केंद्र सरकार की तमाम जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े पोस्टर और बैनर भी लगाए गए हैं।
बीजेपी ने 115 सीटों पर दर्ज की जीत
उल्लेखनीय है कि बीजेपी विधायक दल की बैठक मंगलवार (Rajasthan CM Oath Ceremony) को हुई जिसमें भजनलाल शर्मा को विधायक दल का नेता चुना गया। पार्टी की ओर से विधायक दीया कुमारी और प्रेम चंद बैरवा को उपमुख्यमंत्री और वासुदेव देवनानी को राजस्थान विधानसभा का अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। राज्य में 200 में से 199 सीट पर हुए चुनाव में बीजेपी ने 115 सीट पर जीत दर्ज की है। करणपुर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी के निधन के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया, जहां अब पांच जनवरी को मतदान होगा।